कल 51 प्रबुद्ध महिलाओं और 11 स्व-सहायता समूहों को मिलेगा सम्मान
रायपुर
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में सामाजिक संस्था नवसृजन मंच द्वारा 6 मार्च को “छत्तीसगढ़ महतारी सम्मान” समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 3 बजे वृंदावन हॉल, सिविल लाइन, रायपुर में आयोजित होगा, जिसमें प्रदेशभर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही 51 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, महिला सशक्तिकरण में विशेष योगदान देने वाले 11 श्रेष्ठ स्व-सहायता समूहों को ‘महतारी गौरव’ सम्मान से नवाजा जाएगा।
संस्था के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने बताया कि नवसृजन मंच विगत वर्षों से इस सम्मान का आयोजन कर रहा है। इस वर्ष शिक्षा, खेलकूद, चिकित्सा, पत्रकारिता, पुलिस, साहस, महिला उद्यमिता, विज्ञान, प्रशासनिक सेवा, समाज सेवा, राजनीति, कानून, सौंदर्य, धर्म सहित अन्य क्षेत्रों में सक्रिय महिलाओं की प्रविष्टियां आमंत्रित की गई थीं। प्राप्त सैकड़ों प्रविष्टियों में से चयन समिति द्वारा 51 महिलाओं का चयन किया गया है।
चयन समिति में डॉ. प्रीति सतपथी, मनीषा सिंह और डॉ. रश्मि चावरे शामिल हैं, जो अंतिम रूप से नामों को चयनित कर रही हैं। कार्यक्रम में सम्मान के रूप में रुपया माला, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
संस्था के संयोजक डॉ. देवाशीष मुखर्जी के साथ डॉ. यूलेंद्र राजपूत, विनय शर्मा, नरेश नामदेव, मनोज जैन, डॉ. तृष्णा साहू, कांतिलाल जैन और राजेश साहू कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं।